‘बिहार में नेपाल-बांग्लादेश जैसे हालात होंगे’ बयान पर फंसे राजद के सुनील सिंह, FIR का आदेश
बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर विवादित बयान देने पर लालू एवं तेजस्वी यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के एमएलसी सुनील कुमार सिंह फंस गए हैं। बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार ने सुनील सिंह पर एफआईआर के आदेश दिए हैं। सुनील ने अपने बयान में कहा था कि अगर बिहार चुनाव की मतगणना के दौरान अगर कोई हेराफेरी की गई तो बिहार की सड़कों पर भी वो दृश्य दिखाई देंगे जो नेपाल, बांग्लादेश और श्रीलंका में दिखे थे। राजद नेता के इस बयान से सियासी पारा गर्मा गया, जेडीयू ने इस पर पलटवार भी किया।
राजद एमएलसी सुनील सिंह ने हाल ही में मीडिया से बातचीत में कहा था कि 2020 के विधानसभा चुनाव में हिलसा, परिहार, भोरे समेत 10 सीटों पर महागठबंधन के उम्मीदवारों को जबरन हरा दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस चुनाव (2025) में भी केंद्र सरकार ने दबाव बनाकर मतदान चालू होने के बावजूद घोषणा करा दिया कि एनडीए पूर्ण बहुमत से आ रही है। इससे लाइन में लगे हुए मतदाताओं को भ्रमित किया गया।
उन्होंने कहा कि इसलिए हमने अपने मतगणना में लगे सभी पदाधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जिस कैंडिडेट को जिताने के लिए जनता ने वोट दिया है, उसे हराने की कोशिश की गई तो या हमारा प्रत्याशी बाहर आएगा या फिर चुनाव अधिकारी बाहर आएंगे। इसके बाद नेपाल, बांग्लादेश, श्रीलंका जैसे देशों की सड़कों पर जो दृश्य देखने को मिले, वो देखने को मिलेंगे। आम जनता सड़क पर उतर जाएगी।
राजद नेता ने कहा कि पहली बार बिहार में इतना ज्यादा मतदान हुआ है। लोगों ने रोजगार के लिए तेजस्वी यादव को वोट दिया है। उन्होंने चुनाव पदाधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि 2020 वाली गलती इस बार नहीं करें, बिहार को नेपाल मत बनने दीजिए। उन्होंने चुनाव आयोग के एसआईआर पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसकी आड़ में गलत काम करने की शुरुआत की गई थी।
पटना के साइबर थाने में शिकायत दर्ज
राजद एमएलसी सुनील सिंह के इस बयान के खिलाफ पटना के साइबर थाने में शिकायत भी दर्ज हुई है। साइबर थाने की एएसआई खुशबू कुमारी ने इस पर संज्ञान लेते हुए साइबर थानाधिकारी से राजद एमएलसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए गुरुवार को आवेदन दिया। इसमें कहा गया कि सुनील सिंह के द्वारा बिहार चुनाव की मतगणना को लेकर भड़काऊ टिप्पणी की जा रही है। इससे लोगों में वैमनस्य की भावना पैदा होने का आरोप लगाया गया है।

Gen Z को विवेकानंद और कलाम जैसा देखना चाहते हैं, कॉकरोच वाली बात पर धीरेंद्र शास्त्री
योगी सरकार Gen-Z को जल्द देगी खुशखबरी, साढ़े 3 महीने में बंपर भर्ती; 1 लाख नौकरी देने की तैयारी
JPNIC की कमाई परिवार तक पहुंचाने की थी साजिश, योगी का अखिलेश पर हमला; बोले-जनता दल जैसा होगा सपा हाल
तमिलनाडु के सीएम विजय का सेंट्रल जेल में सरप्राइज विजिट, कैदियों से बातचीत कर लिया फीडबैक