वैभव सूर्यवंशी एक और इतिहास रचने के करीब, आयरलैंड दौरे के लिए हुए शॉर्टलिस्ट
क्रिकेट सनसनी वैभव सूर्यवंशी अपनी विस्फोटक पारियों से खेलप्रेमियों का खूब मनोरंजन कर रहे हैं। राजस्थान रॉयल्स के पांचवें मैच को छोड़ दें तो आईपीएल 2026 में उनका बल्ला खूब गरज रहा है। क्रिकेट एक्सपर्ट, फैंस और पूर्व क्रिकेटरों की तरफ से ये मांग जोर पकड़ती जा रही कि इस 15 साल के ‘वंडर बॉय’ को भारत की सीनियर टीम में मौका मिलना चाहिए। जल्द ही ये सच हो सकता है। आईपीएल के बाद वैभव सूर्यवंशी टीम इंडिया के लिए डेब्यू कर सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो वह क्रिकेट इतिहास में भारत के लिए सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले क्रिकेटर बन जाएंगे। इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट की माने तो बीसीसीआई के चयनकर्ताओं ने वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड दौरे के लिए शॉर्टलिस्ट किया है।
आईपीएल 2026 के ठीक बाद जून में भारतीय टीम आयरलैंड के दौरे पर जाने वाली है। वहां मेजबान टीम के साथ 2 टी20 इंटरनेशनल मैच की सीरीज होनी है। सीरीज का पहला मैच 26 जून को और दूसरा मैच 28 जून को होना है। उसके बाद टीम इंडिया सीमित ओवरों के क्रिकेट की सीरीज के लिए इंग्लैंड के दौरे पर भी जाएगी जहां 5 T20I और 3 ODI की सीरीज खेलेगी। जुलाई में ही भारतीय टीम जिम्बाब्वे का भी दौरा करेगी जहां 23 जुलाई से 26 जुलाई के बीच तीन मैच खेले जाने हैं।
अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस ने बीसीसीआई के एक सूत्र के हवाले से लिखा है, ‘आयरलैंड दौरे के लिए उस पर विचार किया जा रहा है। चयनकर्ताओं ने कुछ अन्य खिलाड़ियों के साथ उसका नाम शॉर्टलिस्ट किया है।’
रिपोर्ट में कहा गया है कि 15 साल के इस बाएं हाथ के बल्लेबाज को आयरलैंड दौरे के साथ-साथ जिम्बाब्वे दौरे के लिए टीम इंडिया के स्क्वाड में जगह मिल सकती है। इस साल भारत को जिम्बाब्वे के भी दौरे पर जाना है।
रिपोर्ट के मुताबिक, आयरलैंड दौरे के लिए ज्यादातर सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया जाएगा और नए खिलाड़ियों को मौका दिया जाएगा। उसके बाद 1 जुलाई से शुरू हो रहे इंग्लैंड दौरे पर सीनियर खिलाड़ियों की वापसी होगी।
अगर वैभव सूर्यवंशी जून में आयरलैंड दौरे पर भारतीय टीम के साथ जाते हैं और प्लेइंग इलेवन में मौका मिल जाता है तो वह भारत के लिए डेब्यू करने वाले सबसे युवा क्रिकेटर बन जाएंगे। पुरुष क्रिकेटरों के मामले में अभी ये रिकॉर्ड महान सचिन तेंदुलकर के नाम है जिन्होंने 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ महज 16 वर्ष और 205 दिन की उम्र में टेस्ट डेब्यू किया था। महिला और पुरुष दोनों को मिलाकर देखा जाए तो भारत के लिए सबसे कम उम्र में डेब्यू करने का रिकॉर्ड शेफाली वर्मा के नाम हैं। उन्होंने 15 वर्ष 7 महीने और 27 दिन की उम्र में भारतीय महिला टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। अगर वैभव सूर्यवंशी आयरलैंड दौरे पर डेब्यू करते हैं तो वह सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तो तोड़ेंगे ही, शेफाली वर्मा का भी रिकॉर्ड तोड़ देंगे।
वैभव सूर्यवंशी ने पिछले साल 14 वर्ष की उम्र में पहली बार आईपीएल खेला। उन्हें राजस्थान रॉयल्स ने 1.1 करोड़ रुपये में खरीदा था। बिहार के इस क्रिकेटर ने अपने पहले ही आईपीएल सीजन में महज 35 गेंद में शतक जड़कर तहलका मचा दिया था। उसके बाद से वह लगातार विस्फोटक बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्होंने अंडर-19 क्रिकेट और इंडिया ए की तरफ से भी जबरदस्त पारियां खेली हैं। अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में तो उन्होंने सिर्फ 80 गेंद में 175 रन की जबरदस्त पारी खेलकर भारत को छठी बार चैंपियन बनाया।
आईपीएल 2026 में भी वह दो बार सिर्फ 15 गेंद में हाफ सेंचुरी जड़ चुके हैं। आईपीएल 2025 में जब वैभव सूर्यवंशी पहली बार बल्लेबाजी के लिए उतरे थे तो शार्दुल ठाकुर की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दिया था। इस साल भी उन्होंने जसप्रीत बुमराह की पहली ही गेंद पर छक्का समेत उस ओवर में 2 सिक्स जड़े थे।

यात्रियों को बड़ा झटका! IndiGo बंद करने जा रही इस रूट की सभी उड़ानें…वजह चौंका देगी
यूपी में प्रभारी मंत्रियों के एरिया में फेरबदल, योगी कैबिनेट के नए मंत्रियों को मिले अहम जिले
80% टूट गया था टाटा का यह शेयर, अब 4 महीने में करीब 100% की तूफानी तेजी
क्या समुच RBI ने बेच दिया 12 अरब डॉलर का सोना, सरकार ने बताई सच्चाई
ममता बनर्जी अपनी ही बनाई पार्टी से होंगी बेदखल, बागियों का TMC छीनने का प्लान
Merritronix IPO पर दांव लगाने को आतुर दिखे निवेशक, पहले दिन 15 गुना सब्सक्रिप्शन, GMP में भी उछाल