योगी ने 92 हजार लोगों को घर बनाने के लिए भेजी पहली किस्त, सस्ता सामान और ये सुविधाएं भी मिलेंगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को प्रदेश के 92 हजार से अधिक शहरी लाभार्थियों को ‘प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0’ के तहत आवास निर्माण की पहली किस्त के रूप में 900 करोड़ रुपए की धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की। इस मौके पर लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में भव्य आयोजन किया गया था। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने सभी जिलों और नगर विकास विभाग के अफसरों को निर्देश दिया कि पीएम आवास के लाभार्थियों को घर बनाने के लिए सस्ते में अच्छी क्वालिटी का सामान मिल सके इसकी भी व्यवस्था कराएं। मकान के साथ-साथ शौचालय भी बनना चाहिए। बिजली का कनेक्शन भी फ्री में मिलना चाहिए। नल से जल की सुविधा का लाभ भी इन्हें मिले।
सीएम योगी ने लाभार्थियों से कहा कि घर का काम 75 प्रतिशत पूरा होते ही दूसरी किस्त के लिए डिमांड करें और जिम्मेदार अधिकारी इसे तत्काल दिया जाना सुनिश्चित करें ताकि मकान का काम तेजी से आगे बढ़ सके। सीएम योगी ने कहा कि अपना घर हर व्यक्ति का सपना होता है। उत्तर प्रदेश जैसे राज्य में अब तक हम करीब 62 लाख परिवारों को एक-एक आवास उपलब्ध कराने की इस योजना से लाभान्वित कर चुके हैं। 2017 से पहले प्रदेश सरकार इसका लाभ नहीं दे पा रही थी। इच्छा शक्ति ही नहीं थी। स्वयं का स्वार्थ हावी था। सिर्फ अपने और अपने परिवार के बारे में चिंता थी।
उन्होंने कहा कि मनुष्य ईश्वर की सर्वश्रेष्ठ कृति है। इसी नाते उसके पास अपने लिए पक्का मकान बनाने की सामर्थ्य है। वह घर का सपना उसके जीवन की पहली प्राथमिक शर्त होती है। इस शर्त को पूरा करने का काम पीएम मोदी ने अपने हाथों में लिया है। उन्होंने बताया कि आज जिन 90 हजार लाभार्थियों को पीएम आवास की पहली किस्त उपलब्ध कराई गई है, उनमें सहारनपुर में 10214, प्रतापगढ़ में 7991, शाहजहांपुर में 4325, फिरोजाबाद में 4266, प्रयागराज में 3331, जालौन में 3174, सीतापुर में 3078, गोरखपुर में 3063, बरेली में 3017, अलीगढ़ में 2883, बदायूं में 2712, महाराजगंज में 2701, मेरठ में 2626, अमरोहा में 2175, हरदोई में 1895, बुलंदशहर में 1826, कुशीनगर में 1562, बहराइच में 1529, आगरा में 1473, मऊ में 1470, बांदा में 1437, बिजनौर में 1364, गाजियाबाद में 1209, देवरिया में 1138, गोंडा में 1121 लाभार्थियों को पीएम आवास की पहली किस्त दी गई है।
कुल 92098 लाभार्थियों को डीबीसी के माध्यम से आवास की पहली किस्त की 900 करोड़ से अधिक की धनराशि सीधे भेजी गई है। सीएम योगी ने कहा कि अब बीच में कोई लेनदेन नहीं कर सकता है।

होर्मुज के पास ईरान ने मार गिराया अमेरिका का एक और लड़ाकू विमान, ट्रंप बोले- यह युद्ध है
वैष्णो देवी जाने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी! बदल गया अमृतसर-कटरा वंदे भारत का रूट और शेड्यूल
CM योगी ने बच्ची को पहनाया बैग; काशी से स्कूल चलो अभियान लॉन्च, बोले- एक भी बच्चा छूटे नहीं
LPG Price Today: क्या एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में हुआ कोई इजाफा? यहां चेक करें रेट
IPL 2026 Orange Cap Puple Cap: श्रेयस अय्यर पहुंचे विराट कोहली के करीब, कूपर का ऑरेंज कैप पर कब्जा; पर्पल कैप किसके पास?
ईरान से तेल लेकर भारत आ रहे जहाज ने अचानक बदला रास्ता, चीन की तरफ क्यों मुड़ा?