गणतंत्र दिवस पर कैसा रहेगा दिल्ली से राजस्थान तक का मौसम, यहां जारी हो गया बारिश का अलर्ट
गणतंत्र दिवस के मौके पर राजधानी दिल्ली समेत लगभग पूरे उत्तर भारत में भीषण ठंड का अनुमान है। वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश भी हो सकती है। उत्तर भारत के हिमालयी क्षेत्र के कई हिस्से रविवार को हुई बर्फबारी के कारण बर्फ की मोटी परत से ढंक गए, जबकि मैदानी इलाकों में कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहा। राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान में और गिरावट देखी गई। शहर के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग एक डिग्री कम है।
रविवार को यहां पालम में न्यूनतम तापमान सबसे कम 4.5 डिग्री सेल्सियस रहा। दिल्ली में लगातार दूसरे दिन वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में सुधार देखा गया और यह 153 के स्तर पर पहुंचकर ‘मध्यम’ श्रेणी में आ गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार रात दिल्ली में आमतौर पर बादल छाए रहने और सुबह के समय हल्की से मध्यम धुंध छाए रहने का अनुमान लगाया है।
जम्मू कश्मीर में कई स्थानों पर हल्की बर्फबारी होती रही। हालांकि मौसम की स्थिति में मामूली सुधार हुआ, जिससे दो दिनों के बाद श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात आंशिक रूप से बहाल हो सका। कश्मीर घाटी में रात का तापमान हिमांक बिंदु से काफी नीचे रहा। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 10.2 डिग्री सेल्सियस नीचे और श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। घाटी इस समय 40 दिनों की कड़ाके की सर्दी की चपेट में है।
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में छिटपुट बर्फबारी के बाद ठंड का प्रकोप जारी रहा, जबकि राज्य के अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहा। सबसे कम तापमान लाहौल-स्पीति जिले के तबो गांव में शून्य से 10 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।
अधिकारियों ने बताया कि रविवार को तीन राष्ट्रीय राजमार्गों समेत कुल 835 सड़कें यातायात के लिए बंद रहीं, जबकि राज्य भर में लगभग 1,942 ट्रांसफार्मर ठप रहे।
मौसम विभाग ने 26 जनवरी से ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी का एक और दौर होने का अनुमान व्यक्त किया है और पूरे राज्य के लिए ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है। कुछ स्थानों पर गरज और बिजली के साथ-साथ तेज हवाओं की आशंका जताई गई है।
राजस्थान के कई हिस्सों में रविवार को भीषण ठंड का दौर जारी रहा, जहां नागौर में उत्तरी हवाओं के प्रभाव से न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 1.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो राज्य में सबसे कम था। मौसम विभाग ने बताया कि 26 और 27 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है जिसके प्रभाव से 26 जनवरी को दोपहर बाद पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।
रविवार को पंजाब और हरियाणा में ठंड का प्रकोप जारी रहा। पंजाब में फिरोजपुर में सबसे कम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हरियाणा के नारनौल में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने 27 जनवरी से दोनों राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाएं बहने का पूर्वानुमान किया है।

NEET UG : MBBS की सरकारी NRI सीटें अपात्र छात्रों को बांटीं, 64000 की जगह वसूले 25 लाख रुपये, हंगामा
“‘पुलिस क्या गोली खाए?’—सीएम योगी ने कानून-व्यवस्था पर रखा स्पष्ट पक्ष”
संघर्ष से सफलता तक: अख़बार बेचने वाला अमन बना इंटरनेशनल यूथ आइकॉन
नाम बना पहचान: उरमुरा किरार से हरिनगर, जब गांव की किस्मत बदली
India US Trade Deal Live: ट्रंप ने ट्वीट कर ट्रेड डील की पहले क्यों दी जानकारी?
Patna Weather Today: धूप खिलेगी पर ठंड से निजात नहीं, आज 2 फरवरी को पटना का मौसम कैसा रहेगा?
MCC NEET PG Counselling Result: नीट पीजी 2025 काउंसलिंग राउंड-3 रिजल्ट mcc.nic.in पर जारी, Direct Link