Republic Day 2026 LIVE: गणतंत्र दिवस पर दुनिया देखेगी भारत की स्वदेशी ताकत, कौन हैं मुख्य अतिथि
भारत 77वां गणतंत्र दिवस सोमवार 26 जनवरी को मनाने जा रहा है। दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश को संबोधित किया। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और महिला सशक्तीकरण समेत कई मुद्दों पर बात की और वंदे मातरम् तथा देश की बढ़ती अर्थव्यवस्था जैसे विषयों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारत विश्व में शांति का संदेश फैला रहा है, जो मानवता के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने हाल ही में यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन से मुलाकात की थी। यूरोपीय संघ के दोनों शीर्ष नेता सोमवार को गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वे मंगलवार को प्रधानमंत्री मोदी के साथ शिखर वार्ता करेंगे।
मंगलवार को शिखर सम्मेलन में भारत और यूरोपीय संघ बहुप्रतीक्षित मुक्त व्यापार समझौते पर निर्णायक घोषणा करेंगे। साथ ही एक रणनीतिक रक्षा साझेदारी समझौते और भारतीय पेशेवरों की आवाजाही के लिए एक रूपरेखा को अंतिम रूप देंगे। पिछले कुछ वर्षों में भारत और यूरोपीय संघ के बीच संबंध बेहतर हुए हैं।
राष्ट्रीय राजधानी के कर्तव्य पथ पर सोमवार को होने वाली गणतंत्र दिवस परेड के दौरान ब्रह्मोस और आकाश हथियार प्रणालियां, गहन मारक क्षमता वाला ‘सूर्यास्त्र’ रॉकेट लॉन्चर प्रणाली और अर्जुन युद्धक टैंक मुख्य आकर्षण का केंद्र होंगे। अधिकारियों ने बताया कि इस परेड में पहली बार नवगठित ‘भैरव लाइट कमांडो’ बटालियन और शक्तिबन रेजिमेंट, ज़ांस्कर पोनी और बैक्ट्रियन ऊंट हिस्सा शामिल होंगे।
: दिल्ली सरकार ने रविवार को गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में पर कुछ श्रेणियों के दोषियों की सजा माफ करने की घोषणा की, जिसका लाभ दो हजार से अधिक कैदियों को मिलेगा। गृह मंत्री आशीष सूद ने कहा कि यह छूट दिल्ली की अदालतों द्वारा सजा सुनाए गए दोषियों और 26 जनवरी तक जेल में बंद कैदियों पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 के प्रावधानों के तहत निर्धारित शर्तों के अधीन लागू होगी। इस संबंध में जारी एक बयान के अनुसार, 65 वर्ष से अधिक आयु की और 10 वर्ष से अधिक की सजा काट रही महिला कैदियों को 90 दिन की छूट मिलेगी, जबकि पांच वर्ष से अधिक और 10 वर्ष तक की सजा काट रही महिलाओं को 60 दिन की छूट मिलेगी।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर देश विरोधी तत्वों की संभावित गतिविधि को लेकर सशस्त्र सीमा बल (SSB) को मिली विशिष्ट जानकारी के मद्देनजर भारत-नेपाल सीमा पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। सशस्त्र सीमा बल की 42वीं वाहिनी के सेनानायक गंगा सिंह उदावत ने रविवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि ऐसी विशिष्ट सूचना मिली है कि 26 जनवरी को देश विरोधी तत्व कुछ हरकत कर सकते हैं। इसके मद्देनजर एसएसबी जवान सीमा से सटे सड़क, जंगल, पगडंडियों व जलीय क्षेत्र में चौबीसों घंटे सतर्कता बरत रहे हैं। एसएसबी की ‘फ्लड यूनिट’ नदियों में दिन-रात गश्त कर रही है। सीमा पर ‘डाग स्क्वायड’, ‘फेस डिटेक्टर डिवाइस’, ‘वाच टावर’ तथा पूरा तंत्र मुस्तैद होकर सीमावर्ती इलाकों में सतर्कता बरत रहा है।
संस्कृति मंत्रालय ने रविवार को कहा कि दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय ‘वैश्विक बौद्ध सम्मेलन’ में भाग लेने वाले 40 देशों के भिक्षुओं का एक बड़ा समूह कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड के “गणमान्य अतिथियों” में शामिल है। यह सम्मेलन 24 से 25 जनवरी को ‘इंटरनेशनल बुद्धिस्ट कन्फेडरेशन’ (आईबीसी) द्वारा मंत्रालय के सहयोग से आयोजित किया गया।
दिल्ली पुलिस ने गणतंत्र दिवस समारोह के लिए विस्तृत बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की है, जिसके तहत नई दिल्ली क्षेत्र में लगभग 10,000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और AI आधारित स्मार्ट चश्मे तथा सीसीटीवी कैमरों सहित उन्नत निगरानी प्रौद्योगिकियों का सहारा लिया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (नई दिल्ली) देवेश कुमार महाला ने बताया कि लगभग 150 कर्मियों वाले 30 से अधिक नियंत्रण कक्ष चौबीसों घंटे इन कैमरों से मिलने वाले ‘लाइव फीड’ की निगरानी करेंगे।

यात्रियों को बड़ा झटका! IndiGo बंद करने जा रही इस रूट की सभी उड़ानें…वजह चौंका देगी
यूपी में प्रभारी मंत्रियों के एरिया में फेरबदल, योगी कैबिनेट के नए मंत्रियों को मिले अहम जिले
80% टूट गया था टाटा का यह शेयर, अब 4 महीने में करीब 100% की तूफानी तेजी
क्या समुच RBI ने बेच दिया 12 अरब डॉलर का सोना, सरकार ने बताई सच्चाई
ममता बनर्जी अपनी ही बनाई पार्टी से होंगी बेदखल, बागियों का TMC छीनने का प्लान
Merritronix IPO पर दांव लगाने को आतुर दिखे निवेशक, पहले दिन 15 गुना सब्सक्रिप्शन, GMP में भी उछाल