UP Weather: ठंड से ठिठुरा यूपी, कोहरे ने थामी ट्रेनें और उड़ानें, 50 से अधिक जिलों में अलर्ट
कड़ाके की सर्दी, बर्फीली हवाओं के कारण यूपी के कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से काफी नीचे रहा जिससे ‘शीत दिवस’ जैसे हालात हो गए हैं। सूरज की लुकाछिपी से दूसरे दिन भी गलन से निजात नहीं मिली। कोहरे की वजह से यूपी समेत पूरे देश में उड़ाने प्रभावित हुईं। कई ट्रेनें भी विलंब से चलीं। गोरखपुर में दिन का तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। खराब मौसम से दिल्ली से गोरखपुर आने वाली दो उड़ानें रद्द रहीं।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को बहराइच में दिन का पारा 12.8 डिग्री से ऊपर नहीं बढ़ा। सूबे के 13 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा। विभाग ने प्रदेश के 57 जिलों व आसपास के क्षेत्रों में घने कोहरे की चेतावनी दी है। रात की ठंड की बात करें तो बाराबंकी और फतेहपुर सबसे ठंडे रहे, न्यूनतम पारा 8.0 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। पश्चिमी यूपी के जिलों में घना भी घना कोहरा रहा। मौसम विभाग ने देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, सहित अन्य 19 क्षेत्रों में अत्यंत घने कोहरे की संभावना जताई है। प्रदेश के कुल 38 जिलों में घने कोहरे का असर रहेगा।
पूर्वी यूपी में रूस के साइबेरिया से आ रहीं हवाओं ने सर्दी के सितम में इजाफा कर दिया है। पश्चिम से आ रही इन हवाओं के कारण कोहरे का घनत्व बढ़ गया है। सोमवार को दोपहर बाद कोहरे के बेहद घने बादलों ने आसमान को ढक लिया। सर्द हवाओं के कारण कोहरा बारिश की रिमझिम बूंद की तरह गिरता रहा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिन पूर्वी यूपी में बेहद घना कोहरा छाया रहेगा। इससे दृश्यता बेहद कम रहेगी। इस दौरान तापमान में गिरावट होगी। पूर्वी यूपी में शीत दिवस एवं अति शीत दिवस हो सकता है।
मौसम विशेषज्ञ केसी पांडेय ने बताया कि अगले एक हफ्ते तक कड़ाके की ठंड से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। मंगलवार को पाकिस्तान व अफगानिस्तान में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसका प्रभाव पूर्वी यूपी पर पड़ेगा। इससे तापमान में और गिरावट होगी। खास तौर से न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी जाएगी। इससे रात में गलन बढ़ जाएगी।
खराब मौसम के चलते सोमवार को उड़ानें निरस्त होने और ट्रेनों की लेटलतीफी के चलते यात्रियों को सांसत हुई। दिल्ली से आने वाली स्पाइस और इंडिगो की एक-एक उड़ानें निरस्त रहीं। फ्लाइट निरस्त होने की जानकारी एयरलाइंस की ओर से सुबह ही भेज दी गई थी, इसके बावजूद काफी संख्या में यात्री एयरपोर्ट पहुंच गए। उड़ान रद्द होने की सूचना मिलने पर यात्रियों ने जमकर नाराजगी जताई।
सुबह दिल्ली से आने वाली स्पाइसजेट और इंडिगो की फ्लाइट निरस्त रही। इस वजह से गोरखपुर से दिल्ली की भी उड़ान नहीं हो सकी। इसके साथ ही इंडिगो की मुंबई से आने वाली फ्लाइट एक घंटे की देरी से आई। गोरखपुर से मुंबई इंडिगो की फ्लाइट एक घंटे 19 मिनट की देरी से शाम 5:19 बजे उड़ान भरी। वहीं, स्पाइसजेट की फ्लाइट ने भी मुंबई के लिए तीन घंटे की देरी से उड़ान भरी। एयरपोर्ट निदेशक संजय कुमार ने बताया कि उड़ानों के रद्द होने की जानकारी विमानन कंपनियों की तरफ से यात्रियों को भेज दी गई थी। खराब मौसम के कारण सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
रविवार को बठिंडा से चलकर दिल्ली होकर गोरखपुर आने वाली गोरखधाम इस कदर लेट हुई कि दिल्ली में रात 9.20 बजे पहुंचने के बजाए सोमवार को सुबह छह बजे पहुंची। यह ट्रेन 13 घंटे लेट होकर रात 11 बजे गोरखपुर पहुंची। लेट-लतीफी से 400 से अधिक यात्रियों को रातभर प्लेटफार्म पर ही गुजारना पड़ा। जबकि पूरे रास्ते में यात्री चाय-पानी को भी तरस गए। गोरखधाम के साथ ही गोरखपुर से दिल्ली जाने वाली वैशाली, क्लोन भी करीब छह घंटे तक लेट हुई। वहीं गोरखपुर से रवाना हुई वैशाली चार घंटे की देरी से नई दिल्ली पहुंची। इसके चलते कई यात्रियों की आगे की ट्रेन छूट गई।

NEET UG : MBBS की सरकारी NRI सीटें अपात्र छात्रों को बांटीं, 64000 की जगह वसूले 25 लाख रुपये, हंगामा
“‘पुलिस क्या गोली खाए?’—सीएम योगी ने कानून-व्यवस्था पर रखा स्पष्ट पक्ष”
संघर्ष से सफलता तक: अख़बार बेचने वाला अमन बना इंटरनेशनल यूथ आइकॉन
नाम बना पहचान: उरमुरा किरार से हरिनगर, जब गांव की किस्मत बदली
India US Trade Deal Live: ट्रंप ने ट्वीट कर ट्रेड डील की पहले क्यों दी जानकारी?
Patna Weather Today: धूप खिलेगी पर ठंड से निजात नहीं, आज 2 फरवरी को पटना का मौसम कैसा रहेगा?
MCC NEET PG Counselling Result: नीट पीजी 2025 काउंसलिंग राउंड-3 रिजल्ट mcc.nic.in पर जारी, Direct Link